February 5, 2025
महिला प्रधान को भारी पड़ा सुलह कराना, एक पक्ष ने नीचे गिराकर पीटा

बागपत। गांव में एक परिवार के झगड़े में बीच-बचाव करना महिला प्रधान को भारी पड़ गया। कुछ लोगों ने मारपीट कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया और पैरों से रौंदते हुए उनके ऊपर थूक भी दिया। ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फखरपुर शेखपुरा गांव की प्रधान तैय्यब का कहना है कि शुक्रवार को गांव में एक महिला का ससुराल पक्ष के लोगों के साथ विवाद हुआ था। शनिवार को महिला के मायके पक्ष से 10 लोग गांव में आए हुए थे। शाम पांच बजे महिला के ससुराल और मायके पक्ष के लोगों के बीच झगड़ा हो गया। उन्होंने विवाद को शांत कराने का प्रयास किया।

आरोप है कि इसी दौरान महिला के मायके पक्ष के पांच-छह लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जमीन पर गिरा दिया। लात-घूंसों से पिटाई कर दी। उनकी गर्दन को पैरों से रौंदकर जान से मारने का प्रयास किया। आरोप यह भी है कि आरोपितों ने उन्हें खड़ंजे पर घसीटा और उन पर थूका भी। वहां मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें किसी तरह बचाया। उन्होंने शुक्रवार को पांच आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। पुलिस ने उनका मेडिकल कराया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया। इंस्पेक्टर सलीम अहमद का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!