

महराजगंज। सिसवा विधानसभा से वर्ष 2022 में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी रहे एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने सिसवा को तहसील बनाए जाने की मांग को लेकर सिसवा बाजार में हुई व्यापक बंदी का पूर्ण समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि सिसवा की जनता, प्रबुद्ध समाज, युवा वर्ग और व्यापारियों द्वारा लोकतांत्रिक तरीके से उठाई गई यह मांग पूरी तरह से जायज है और समाजवादी पार्टी इस आंदोलन के साथ मजबूती से खड़ी है।


श्री टिबड़ेवाल ने कहा कि सिसवा एक बड़ा व्यापारिक केंद्र होने के साथ-साथ घनी आबादी वाला क्षेत्र है, इसके बावजूद वर्षों से यहां की जनता को तहसील जैसी बुनियादी प्रशासनिक सुविधा से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में सिसवा की जनता समाजवादी पार्टी को अपना आशीर्वाद देकर उन्हें विधायक चुनती है और श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो सिसवा बाजार को तहसील का दर्जा दिलाया जाएगा। यह उनका जनता से स्पष्ट और दृढ़ वचन है।
पूर्व सपा प्रत्याशी ने कहा कि प्रदेश में पिछले नौ वर्षों से भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। सांसद से लेकर विधायक तक सभी पद पर भाजपा के जनप्रतिनिधि होने के बावजूद सिसवा को तहसील नहीं बनाया जा सका। इससे स्पष्ट होता है कि भाजपा ने सिसवा की जनता की भावनाओं और जरूरतों की लगातार अनदेखी की है। उन्होंने कहा कि अब 2027 में सिसवा की जागरूक जनता को ऐसे खोखले वादों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। भाजपा ने सिसवा की जनता के साथ धोखा किया है।
श्री टिबड़ेवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आते ही सिसवा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव, कस्बे और बाजार के समग्र विकास की कार्ययोजना जनता से रायशुमारी के आधार पर तैयार करेगी, ताकि विकास केवल कागजों तक सीमित न रहकर जमीन पर दिखाई दे और आम जनता को त्वरित न्याय थाने-तहसील में मिले। किसी के साथ अन्याय नही हो।






