महराजगंज। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जिलेभर में व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान मानक से अधिक आवाज में DJ बजाने वाले 261 संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों, मैरिज हॉलों और DJ संचालकों के यहां जांच कर ध्वनि मानकों के पालन के निर्देश दिए। कार्रवाई के दौरान मानक के विपरीत या बिना अनुमति लगाए गए 39 लाउडस्पीकर हटवाए गए, जबकि 95 लाउडस्पीकरों की आवाज मौके पर ही निर्धारित मानक के अनुरूप कराई गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का पालन नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


