November 24, 2026
चमकेगा सिसवा, विकास को मिली नई गति, 25 करोड़ की लागत से संवरेंगी सड़कें व नालियां, रोशन होंगे वार्ड

सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल हुई है। नगर पालिका के विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण, जल निकासी के लिए नाली निर्माण और पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 25 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अंतर्गत इस बजट की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग को पत्र भेजा है।

विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने बताया कि नगर विकास मंत्री द्वारा प्रमुख सचिव को पत्र भेजे जाने से अब रुके हुए और प्रस्तावित विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस धनराशि से नगर के नवसृजित और पुराने वार्डों में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा।

नागरिकों में उत्साह
25 करोड़ रुपये के इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाए जाने की खबर मिलते ही नगर पालिका क्षेत्र के नागरिकों और सभासदों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लोगों का मानना है कि इस बजट के धरातल पर उतरने से सिसवा नगर पालिका की तस्वीर बदल जाएगी और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!