सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा विकास खण्ड के करमही स्थित श्यामा सुरेंद्र इंटर कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की उत्कृष्ट उपलब्धियों का सम्मान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई, समारोह के दौरान कक्षावार श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को अवार्ड, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में तालियों की गूंज, उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
विशेष पुरस्कार प्राप्त छात्र-छात्राएं
स्टूडेंट ऑफ द ईयर (जूनियर) खुशी जायसवाल (कक्षा 7 ‘E’), स्टूडेंट ऑफ द ईयर (सीनियर) ओम (कक्षा 9 ‘H’), आइडियल स्टूडेंट अवार्ड (सीनियर) दिव्यांश तिवारी (कक्षा 10 ‘H’) तथा आइडियल स्टूडेंट अवार्ड (जूनियर) अभिनंदन वर्मा (कक्षा 7 ‘E’) को प्रदान किया गया।
वहीं स्कूल टॉपर के रूप में ओम (कक्षा 10 ‘H’) एवं अन्यान्य पांडेय (कक्षा 9 ‘E’) को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार मिश्र, प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र, उप-प्रधानाचार्य आदित्य कुमार पांडेय एवं एस.एस. लिटिल लाइट एकेडमी के प्रधानाचार्य भास्कर पांडेय सहित समस्त शिक्षकगण एवं कर्मचारीगण की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को अपनाने और भविष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार द्वारा शिक्षकगण एवं कर्मचारियों को उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यह समारोह विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, परिश्रम और उत्कृष्टता का प्रतीक बनकर सभी के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।


