

सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगर स्थित सेंट जोसेफ्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आज शुक्रवार को कक्षा 12 के विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रेरक संदेशों और स्मृतियों के संग यह दिन विद्यार्थियों के जीवन में एक अविस्मरणीय अध्याय बन गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन ओ.ए. जोसेफ, प्रबंधक बिन्सी जोसेफ, प्रधानाचार्य बैजू चेरियन,शिवेंद्र सिंह,फणीन्द्र कुमार मिश्र, इंचार्ज मुन्ना पांडेय,धनंजय मिश्र तथा कक्षा 12 के विद्यार्थियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।


इस अवसर पर चेयरमैन ओ.ए. जोसेफ ने कहा कि विदाई का यह क्षण खुशी और विषाद-दोनों भावनाओं का संगम होता है। एक ओर विद्यालय से बिछड़ने का भाव होता है, तो दूसरी ओर जीवन में नए सपनों और नए आयामों की ओर कदम बढ़ाने की खुशी। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीवन में ऊंचाइयों को छूने के लिए कभी-कभी अपनों से दूर रहकर भी संघर्ष करना पड़ता है।
अंग्रेजी प्रवक्ता फणीन्द्र कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को रचनात्मक और सृजनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश और समाज के भविष्य की जिम्मेदारी इन्हीं युवाओं के कंधों पर है, इसलिए लक्ष्य के प्रति समर्पण और नैतिक मूल्यों को सदैव बनाए रखें।
गमगीन माहौल को खुशनुमा बनाने के लिए जूनियर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुहानी गुप्ता, प्रतिभा गुप्ता, एंजलो बैजू एवं यशवर्धन पांडे ने किया।
प्रधानाचार्य बैजू चेरियन ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि विदाई समारोह जीवन के उन पलों में से एक है, जहां खुशी और उदासी, सफलता और संघर्षकृसभी भावनाएं एक साथ सजीव हो उठती हैं। इन भावनाओं को आत्मसात कर आगे बढ़ना ही परिपक्वता का प्रतीक है। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने-अपने सपनों को साकार करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के ए.बी.सर, भुनेश्वर मिश्र, राजकुमार सिंह, प्रदीप रौनियार, फणीन्द्र मिश्र, अवनीश मिश्रा, अनिल पांडे, पीयूष त्रिपाठी, पुंडरीक गुप्ता, संतोष वर्मा, सतीश त्रिपाठी, अजीत बारीक, मनोज चौरसिया, गंगा दुबे, अमृता पाठक, मनीष श्रीवास्तव, तमजिद अली, राधेश्याम, भुवाल गुप्ता, मंशा गुप्ता, मनोरमा जायसवाल, अनूप रौनियार, रंजना त्रिपाठी,शिव चौहान, पूर्णिमा शाही, संतोष तिवारी, रवीना खातून, अविरामी देवराज,विशाल जायसवाल,ओम प्रकाश वर्मा, वीरेंद्र त्रिपाठी, संजय गुप्ता,अशोक पांडे, एबी सर,सिनसी पीटर,नीतेश श्रीवास्तव, ललितेश गुप्ता, रमा श्रीवास्तव, स्नेहा एवं मनोज सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विदाई समारोह अपने पीछे यादों, प्रेरणाओं और शुभकामनाओं की अमिट छाप छोड़ गया।








