
Bihar News: जहानाबाद। जिले से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां पर एक पुलिस उपनिरीक्षक का शव सोमवार को उसके घर में फंदे से लटका मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुपौल जिले के निवासी परमेश्वर पासवान के रूप में हुई है। वह वाणावर थाने में उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर तैनात थे।
जहानाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संजीव कुमार ने संवाददाताओं को बताया, पासवान को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
एसडीपीओ ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है… घटना का सटीक कारण पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। बताया जाता है कि दारोगा लंबे समय से पेट की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। इलाज में अधिक खर्च हो जाने के कारण वह डिप्रेशन में थे। इसी के चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया है।