लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक गलियारों में चल रही गठबंधन की अटकलों पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की मुखिया मायावती ने एक बार फिर पूर्ण विराम लगा दिया है। राजधानी लखनऊ में बुधवार को मायावती ने अकेले यूपी विधानसभा चुनाव लड़ने का बिगुल फूंक दिया। मायावती ने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी 2027 में अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
आगे उन्होनें कहा कि गठबंधन को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया के कुछ हिस्सों में चल रही खबरें पूरी तरह से फेक न्यूज़ और एक गहरी साजिश का हिस्सा हैं।
अपने बयान में उन्होंने कहा कि यूपी में जैसे-जैसे चुनाव पास आएंगे, जो लोग हमारे खिलाफ हैं, वे हमें सत्ता से दूर रखने की और भी कोशिश करेंगे। हमारे खिलाफ साजिश करेंगे। सिर्फ यूपी में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में सभी अंबेडकरवादियों को बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर का आत्म-सम्मान पाने के आंदोलन को मजबूत करने के लिए काम करते रहना चाहिए।



