

सिसवा बाज़ार-महराजगंज।। सिसवा क्षेत्र पंचायत की बैठक आज शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख कोदई निषाद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति, नई योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आगामी वित्तीय वर्ष के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई।


बैठक में मनरेगा योजनांतर्गत वर्ष 2025/26 के कार्यों की समीक्षा तथा वित्तीय वर्ष 2026/27 के प्रस्तावों एवं अनुमोदन पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही पंचम वित्त आयोग तथा केंद्रीय वित्त आयोग की योजनाओं की समीक्षा भी की गई। विकास खंड के अंतर्गत चल रही अन्य योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई।
बैठक में खंड विकास अधिकारी अर्जुन चौधरी ने ग्रामीणों से अपील की कि अपने-अपने क्षेत्रों में पराली न जलाएं और अधिक से अधिक किसान फार्मर रजिस्ट्री कराएं। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर को हर गांव में इसके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
सहायक विकास अधिकारी कृषि धीरेंद्र सिंह ने प्रधान मंत्री कुशुम योजना और किसान गोल्डन कार्ड से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अब तक 1014 क्विंटल गेहूं की बिक्री संपन्न हो चुकी है। वहीं बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय नायक ने प्रधान मंत्री मातृ वंदना योजना व पोषण योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण गंभीरता से प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्य पूरी निष्पक्षता से हों ताकि जनता को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
बैठक में ब्लॉक प्रमुख कोदई निषाद, अर्जुन चौधरी, धीरेंद्र प्रताप सिंह, लल्ले सिंह, प्रदीप मिश्र, बृजेश पांडेय, जगरनाथ गौड़, राजन विश्वकर्मा, अजय सिंह, जितेंद्र कुमार, उमरेंद्र सिंह, संजय प्रसाद, अरुण सिंह, प्रदीप साहनी, मनोहर साहनी, पंचम पाठक और गोविंद मालवीय सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





