

Gorakhpur। स्थानीय महानगर स्थित सेंट एंड्रयूज़ कॉलेज में स्थापना सप्ताह समारोह के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं की श्रृंखला जारी है। इसी क्रम में 04 फरवरी 2026 को “सोशल मीडिया : जागरूकता का साधन या मानसिक स्वास्थ्य के लिए खतरा” विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।


कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर एस. डी. राजकुमार उपस्थित रहे। उन्होंने परंपरा के अनुसार संक्षिप्त प्रार्थना सभा का संचालन करते हुए ईश्वर से ज्ञान, सद्बुद्धि एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बौद्धिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की लेखन क्षमता, चिंतन शक्ति तथा सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता को विकसित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सृजनात्मक लेखन, अभिव्यक्ति कौशल एवं समसामयिक विषयों पर गंभीर चिंतन को प्रोत्साहित करना था। इस प्रतियोगिता में बी.ए., बी.एससी., एम.ए., बी.एड., बी.बी.ए. एवं बी.कॉम पाठ्यक्रमों के कुल 83 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पक्षों पर संतुलित एवं तार्किक विचार प्रस्तुत किए।
आज 12 फरवरी 2026 को प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किया गया । विधि द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा अंशिका मिश्रा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एम.एससी. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा सृष्टि त्रिपाठी द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि एम.ए. द्वितीय सेमेस्टर के छात्र अविनाश कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के संयोजक प्रोफेसर एस. एच. शर्मा तथा सह-संयोजक जागृति एवं फरहत बानो रहीं। आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसी शैक्षणिक गतिविधियों को निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।





