
Gorakhpur। स्थानीय महानगर स्थित सेंट एंड्रयूज कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवक अंकुर कुमार मिश्रा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रीय सेवा योजना वर्ष 2022-23 के My Bharat-National Service Scheme (NSS) अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर एस0 डोमिनिक राजकुमार ने स्वयंसेवक अंकुर कुमार मिश्रा को कॉलेज में आमंत्रित कर उन्हे पुष्प गुच्छ दे कर सम्मान प्रदान किया तथा यह कहा कि यह महाविद्यालय के लिए ही नहीं बल्कि विश्वविद्यालय तथा प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है। आप की इस उपलब्धि ने काॅलेज को राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलायी हैं। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना हमेशा से उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पाती रही है। यह उपलब्धि यहां के कार्यक्रम अधिकारियों तथा स्वयंसेवकों के मेहनत व लगन का परिणाम है। आपके इस कार्य से स्वंयसेवकों को और अच्छा करने की प्रेरणा मिलेगी।
प्राचार्य ने स्वयंसेवक अंकुर कुमार मिश्रा के साथ भूतपूर्व कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर जे0 के0 पांडेय, प्रोफेसर तनवीर आलम, डॉ0 अर्चना श्रीवास्तव, डॉ0 जे पी0 यादव, वर्तमान कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर अरविंद कुमार सिंह, प्रोफेसर ई0 सी0 दास, डॉ0 रोहित श्रीवास्तव तथा डॉ0 नीतू श्रीवास्तव को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी तथा उनके द्वारा किए प्रयासों की प्रशंसा की। सभी कार्यक्रम अधिकारियों ने हर्ष के साथ अंकुर कुमार मिश्रा को और अधिक सफल होने शुभकामनाएं दीं।