सिसवा बाजार-महाराजगंज। सिसवा नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि सिसवा को तहसील बनाए जाने की मांग पूरी तरह जायज है। जब तक सिसवा तहसील नहीं बनेगा, तब तक क्षेत्र का समुचित विकास संभव नहीं है। नगर पालिका सिसवा के सर्वांगीण विकास के लिए हर समय प्रयासरत है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील निर्माण के लिए भूमि की कोई समस्या नहीं है। नगर पालिका प्रशासन को आवश्यकतानुसार भूमि उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। सिसवा को तहसील बनाने, मंडी समिति स्थापित करने एवं राजकीय विद्यालय की स्थापना के लिए नगर पालिका क्षेत्र में पर्याप्त भूमि मौजूद है। प्रशासन जब चाहे, जहां चाहे भूमि चिन्हित कर सकता है।
नगर पालिका अध्यक्ष व प्रतिनिधि ने कुछ लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाए जाने की बात को भी सिरे से खारिज किया कि नगर पालिका एनओसी नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह गलत और भ्रामक प्रचार है। जनता ऐसे भ्रमों से दूर रहे। नगर पालिका प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करने को तैयार है और विकास कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की बाधा नहीं डालेगी।
उन्होंने दोहराया कि सिसवा का भविष्य उज्ज्वल बनाने के लिए नगर पालिका पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


