

सिसवा बाजार-महराजगंज। रेलवे के महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन पर निरीक्षण के दौरान नहीं रुकने से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शिब्बु खान अनुसार वे पूरी कमेटी के साथ अधिकारियों से मिलने के लिए लगभग दो घंटे से अधिक समय तक रेलवे स्टेशन पर इंतजार करते रहे, लेकिन अधिकारी सिसवा स्टेशन पर नहीं रुके।


बताया जा रहा है कि अधिकारियों का स्टॉपेज कप्तानगंज, घुघली, खड्डा और पनियहवा जैसे स्टेशनों पर रहा, लेकिन सिसवा को नजरअंदाज कर दिया गया। व्यापार मंडल के लोगों का कहना है कि इससे ऐसा प्रतीत होता है कि अधिकारी सिसवा को महत्व नहीं दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र अपनी पहचान खोता जा रहा है।
व् यापार मंडल ने इसको सिसवा के साथ दुर्व्यवहार बताते हुए नाराजगी जताई है। यह भी बताया गया कि इससे पहले भी अधिकारी इस रूट पर आए थे, लेकिन उस समय भी सिसवा स्टेशन पर नहीं रुके थे।
व्यापार मंडल द्वारा रेलवे इंटेलिजेंस अधिकारी को ज्ञापन सौंप दिया गया है। इंटेलिजेंस अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि सिसवा की समस्याओं से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया जाएगा।






