गोरखपुर। स्थानीय महानगर स्थित सेण्ट ऐण्ड्रयूज कालेज में कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट और स्टेट एक्सन प्लान के अंतर्गत ’एयर क्वालिटी मैनेजमेंट’ पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन आज मंगलवार को किया गया।
इसके उद्घाटन सत्र में आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ गौतम गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में रहे। उन्होंने बताया कि वायु प्रदूषण एक धीमा जहर है जो हमें तिल-तिल कर के मार रहा है और हमे पता नहीं चल रहा और हमने उसी खराब गुणवत्ता की हवा के साथ जीना सीख लिया है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में भी वायु की गुणवत्ता में कमी आयी है। हमें समय रहते सम्हलना होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्या प्रोफेसर आर0 एन0 सैमुअल ने कहा कि अगर हम समय रहते ना सम्हले तो पानी की तरह हमें हवा भी खरीदना पड़ेगा। हमारा महाविद्यालय जागरूकता के अनेक कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। यह एक दिवसीय कार्यशाला इस मुहिम में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का एक प्रयास है।
कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर जे0 के0 पाण्डेय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन आयोजन सचिव कैप्टन प्रोफेसर निधि लाल ने किया। प्रोफेसर सी0 ओ0 सैमुअल ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह प्रदान किया।
प्रथम तकनीकी सत्र में कुशल मिश्रा, उदिशा मिश्रा, इवा जूलियस, रिमशा जमाल, सुप्रिया गुप्ता, श्वेता चैहान, शालू वर्मा ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन पर अपने विचार व्यक्त किये। संचालन समिति की सदस्य डॉ अर्चना श्रीवास्तव तथा सत्र की अध्यक्षता रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर राशिद तनवीर ने की।
द्वितीय तकनीकी सत्र पैनल डिस्कशन में आयोजन समिति के सदस्यों प्रोफेसर पी0 एन0 सिंह, डॉ0 रोहित श्रीवास्तव, डॉ0 आइजैक एल मैथ्यू ने छात्रों की विषय से संबंधित उत्कंठा को शांत किया।
अंत में कार्यशाला के आयोजन समन्वयक ले0 प्रोफेसर अमित मसीह ने कहा कि अगर हम समय रहते वायु के गुणवत्ता प्रबंधन के बारे में नहीं सोचे तो की आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। अंत में समापन सत्र में प्राचार्य के हाथों सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विज्ञान संकाय तथा अन्य विभागों के शिक्षक, शिक्षिकाएं, शोध छात्र तथा परास्नातक छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।




