सिसवा बाजार-महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र में सिसवा बाजार और घुघली के बीच रेलवे ट्रैक पर शनिवार को करीब 75 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर किनारे कराया और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को सिसवा बाजार रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक को 55096 नंबर की ट्रेन के चालक ने सूचना दी कि सिसवा बाजार और घुघली के बीच रेलवे ट्रैक के किलोमीटर संख्या 339/8-9 पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक की ओर से कोठीभार पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो मुंडेरी चौबे गांव के सामने रेलवे ट्रैक के बीच करीब 75 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाकर किनारे कराया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।


