गोरखपुर। स्थानीय महानगर स्थित सेण्ट ऐण्ड्रयूज कॉलेज के बी०एड० विभाग के द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज बृहस्पतिवार को महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह वृक्षारोपण कार्यक्रम बी०एड० द्वितीय वर्ष के पाठ्यक्रम एवं इंटर्नशिप का एक महत्वपूर्ण भाग है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर आर० एन० सैमुएल द्वारा आम के पौधे का रोपण कर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्या महोदया ने छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद वचन देते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षुओं द्वारा महाविद्यालय परिसर में 10 फलदार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर बी०एड० विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ० सुषमा श्रीवास्तव, डॉ० रश्मि प्रभा शुक्ला, डॉ० संगीता मिश्रा, डॉ० सुचिता इलियास, डॉ० मोनी जेवियर एवं आराधना उपस्थित रहीं।
धन्यवाद ज्ञापन सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी डॉ० जे० के० पाण्डेय ने किया।
इस वृक्षारोपण कार्यक्रम में टीम लीडर के रूप में चित्रा, क्वीनी, शुभम, राजवीर, सूरज, मधु, अब्दुल्ला एवं रितु ने अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और सभी प्रशिक्षुओं ने पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।



