निचलौल-महराजगंज। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्य मंत्री सुशील टिबड़ेवाल इन दिनों क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। इस दौरान वह ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर और संकट से जूझ रहे परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी मदद भी कर रहे हैं।
जनसंपर्क के इसी क्रम में पूर्व मंत्री निचलौल ब्लॉक के ग्राम पिपरा, पोस्ट ओढ़वलिया पहुंचे। यहां उन्होंने अनिल चौहान के परिवार से मुलाकात की। अनिल चौहान की पत्नी शांति देवी और तीन बच्चों के साथ उनका परिवार बेहद आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए सुशील टिबड़ेवाल ने अनिल चौहान के पिता बाल गोविंद चौहान को आर्थिक सहायता प्रदान कर परिवार को सहयोग दिया।
इसके बाद वह ग्राम भगवानपुर पहुंचे, जहां रामप्रीत यादव के पिता का सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। पूर्व मंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और दुख की इस घड़ी में आर्थिक सहायता देकर परिवार का संबल बढ़ाया।
वहीं, ग्राम सभा छितौना में उन्होंने दिवंगत होमगार्ड चंद्र प्रकाश पटेल के परिजनों से मुलाकात की। चंद्र प्रकाश पटेल की भी दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। पूर्व मंत्री ने उनके परिवार के सदस्यों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली और आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
इस दौरान सुशील टिबड़ेवाल ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जरूरत के समय उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष महात्म यादव, विजय तिवारी, गुड्डू पाण्डेय, दुर्गेश यादव, महफूज आलम, उमेश भारती और सोनू गुप्ता समेत समाजवादी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में लगातार हो रहे इन दौरों के जरिए सुशील टिबड़ेवाल स्थानीय लोगों से जुड़ने और उनकी समस्याओं को करीब से समझने का प्रयास कर रहे हैं। खासतौर पर आर्थिक रूप से कमजोर और विपरीत परिस्थितियों से गुजर रहे परिवारों के बीच पहुंचकर मदद करना उनके इस जनसंपर्क अभियान का प्रमुख हिस्सा नजर आ रहा है।




