गोरखपुर। स्थानीय महानगर स्थित सेण्ट ऐण्ड्रयूज कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना पुरूष इकाई के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के पाचवें दिन स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा के प्रति एक जागरूकता रैली निकाली तथा राहगीरों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। रैली को कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर एस0डी0 राजकुमार ने हरि झडी दिखाकर रवाना किया। रैली कॉलेज परिसर से होते हुये शास्त्री चौक, बेतियाहाता चौराहा होते हुये कैम्प स्थल पर समाप्त हुआ।
बौद्धिक सत्र में कॉलेज के गणित विभाग के प्रोफेसर नवीन श्रीवास्तव ने बताया की राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य बच्चों में राष्ट्र एवं राष्ट्रीय भक्ति की भावना विकसित करना है। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयसेवक राष्ट्र के निर्माण के लिये तैयार किये जाते है जो निःस्वार्थ भाव से मानव और देश सेवा के लिये समर्पित होते है। प्रोफेसर नवीन श्रीवास्तव ने बताया की पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, सडक सुरक्षा आदि गतिविधियों के माध्यम से छात्र अपने समाज व देश को सुन्दर, स्वच्छ, स्वस्थ व सुरक्षित बना सकते है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुये कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 जे0पी0 यादव ने राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका के महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 रोहित श्रीवास्तव ने व्याख्यान माला मे आये हुये अतिथियों को अभार व्यक्त किया एवं स्वयंसेवकों को सम्बोधित करते हुये कैम्प में अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से हर दिन कुछ नया सिखने की सलाह दी। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारियों के साथ-साथ नकुल, अलोक, अनुराग, दिव्याश दूबे सहित सभी स्वयसेवक उपस्थित रहे।






