खड्डा-कुशीनगर। विज्ञान जागरूकता अभियान में RPIC कान्वेंट स्कूल, खड्डा का दबदबा रहा, विभिन्न श्रेणियों में छात्र प्रथम स्थान पर रहे।
जनपद के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित ‘विज्ञान जागरूकता’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। इस गौरवशाली प्रतियोगिता में आर.पी.आई.सी. कान्वेंट स्कूल, खड्डा के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा और वैज्ञानिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अधिकांश श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथि के रूप में जिला विद्यालय निरीक्षक श्रवण कुमार गुप्ता और जिला समन्वयक विष्णु प्रभाकर पाण्डेय उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की।
प्रतियोगिताओं के परिणाम:
विद्यालय के छात्र कुशल रौनियार, शिवम गुप्ता और दिव्यांश दुबे ने विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं संकल्प पांडे ने द्वितीय तथा आयुष रौनियार और आयांश कुमार ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पोस्टर प्रतियोगिता में प्रियांशु गुप्ता प्रथम, शशांक कुशवाहा द्वितीय और रोशनी साहनी तृतीय स्थान पर रहीं । निबंध प्रतियोगिता में ईशानी शर्मा ने प्रथम, प्रखर जायसवाल ने द्वितीय और अयांश कुमार ने तृतीय स्थान पाया। विज्ञान प्रश्नोत्तरी में संगीत सरिता ने द्वितीय व अयांश कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि गणित प्रश्नोत्तरी में संगीत सरिता ने प्रथम और दीपांशी सिंह ने द्वितीय स्थान हासिल किया। महान गणितज्ञ श्री रामानुजन पर आधारित व्याख्यान में आलोक कुशवाहा प्रथम रहे।
सामाजिक जागरूकता के अंतर्गत आयोजित ‘अंधविश्वास के विरुद्ध नुक्कड़ नाटक’ में संकल्प पांडे और उनके साथियों (विभु देव दुबे, लक्ष्मी कुमारी, अंशिका रौनियार, रोशनी साहनी, प्रियांशु गुप्ता, उत्कर्ष कुमार सिंह, विपिन शर्मा, अभय कुमार और सुधीर गुप्ता) ने अपनी शानदार प्रस्तुति से प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर बच्चों के साथ सहायक अध्यापक के रूप में राहुल जायसवाल, इजहार अंसारी और प्रियंका श्रीवास्तव उपस्थित रहीं ।
विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व सफलता से विद्यालय की प्रबंध समिति और शिक्षक गण अत्यंत हर्षित हैं। स्कूल प्रबंधन ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।






