कुशीनगर। विकास खण्ड नेबुआ नौरंगिया अंतर्गत ग्राम सभा नौरंगिया स्थित सरस्वती देवी महाविद्यालय में शिक्षाविद व समाजसेवी पवन दूबे द्वारा रोजगार मेला एवं महाभर्ती अभियान का आयोजन किया गया।
इस रोजगार मेला में देश की नामी कंपनियों रिलायंस मार्ट, रिलायंस स्मार्ट बाजार एवं बंसल वायर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा क्षेत्र के 334 युवक तथा युवतियों का साक्षात्कार के आधार पर विभिन्न पदों पर चयन किया गया। इस रोजगार मेला में 560 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया था।
इस अवसर पर ईयू ग्रुप के चेयरमैन विजय प्रताप सिंह ने प्री इंटरव्यू सेशन में बताया कि नौकरी पाने वाले नौजवानों को इंश्योरेंस की सुविधा तथा न्यूनतम दर में आवासीय एवं भोजन की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। वेतन में पीएफ की भी व्यवस्था है।
इस अवसर पर अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए पवन दूबे ने कहा कि क्षेत्र का विकास और खड्डा क्षेत्र के परिवारों की समृद्धि कार्यशील युवाओं के लगन, तत्परता और परिश्रम पर निर्भर है। जब घरों की आमदनी बढ़ेगी तो लोगों की क्रय शक्ति भी बढ़ेगी जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। क्षेत्र के प्रत्येक नौजवान को रोजगार उपलब्ध कराना मेरा विजन है।
आगामी 01 जुलाई को पुनः रोजगार मेला एवं महाभर्ती अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर चयनित अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर एवं ज्वाइनिंग लेटर भी वितरित किया गया। रोजगार मेला में चयनित अभ्यर्थी हर्षित एवं उत्साहित थे।



