सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगर के वार्ड नंबर 25 मीराबाई नगर स्थित पोखरा टोला में आज रविवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
कोठीभार पुलिस के अनुसार चार किशोर राजबीर (13) पुत्र उमेश यादव, नीतीश यादव (14) पुत्र रमेश यादव, रोहन (13) पुत्र रामलखन और कृष्णा रौनियार (15) पुत्र कबूतर रौनियार, सभी निवासी पोखरा टोला, निर्माणाधीन पोखरे में नहाने गए थे। इसी दौरान नीतीश, रोहन और कृष्णा गहरे पानी में डूब गए। तीनों को डूबता देख राजबीर घबराकर घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस, स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों को पोखरे से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।



