खड्डा-कुशीनगर। स्थानीय नगर स्थित सरस्वती देवी महाविद्यालय में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और जनसेवक के रूप में प्रसिद्ध पवन दूबे के नेतृत्व में “युवाओं के सपनों का खड्डा” विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस आयोजन में नेबुआ नौरंगिया एवं खड्डा विकास खण्ड के हजारों युवा सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में पुष्प वर्षा के साथ युवाओं का स्वागत किया गया। इस अवसर पर गायक मनोज मधुर एवं पवनराज के जोशीले प्रस्तुतियों से युवा उत्साह से भरे दिखे। क्षेत्र के विकास मॉडल पर एक डॉक्यूमेंट्री भी चलाई गई।
युवाओं को संबोधित करते हुए पवन दूबे ने कहा कि खड्डा विधानसभा क्षेत्र का विकास मॉडल क्या हो इस पर युवाओं को सोचने की आवश्यकता है। यहाँ लोग आज भी सड़क चौड़ी करने, राशन बाँटने और पुल पुलिया निर्माण को विकास मानते हैं। बच्चों की शिक्षा कैसे हो, आम आदमी की आमदनी कैसे बढ़े, युवाओं को रोजगार कैसे मिले, किसानों की आर्थिक स्थिति कैसे सुदृढ़ हो, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार कैसे हो इस पर जनप्रतिनिधि बात नहीं करते।
उन्होंने कहा कि इस विधानसभा में न तो कोई मंडी है ना ही कोल्ड स्टोरेज है, किसानों की आय कैसे बढ़ेगी? इस क्षेत्र में शिक्षा चिकित्सा एवं रोजगार की स्थिति दयनीय है इस पर काम करने की आवश्यकता है। यहाँ का युवा ठान ले तो यह क्षेत्र एक बड़े बदलाव की ओर बढ़ सकता है। युवाओं के सपनों का खड्डा बन सकता है।
इस मौके पर विधानसभा के हजारों की संख्या में युवा मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मुन्ना राजभर ने किया। कार्यक्रम में सपा नेता कैसर जमाल टीटू, सरतेज यादव, जितेंद्र यादव, दिनेश सिंह, मनोज गौतम, प्रिंस चौहान, अंगद भारती, मनोज द्विवेदी सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




