सिसवा बाजार-महराजगंज। प्रांतीय / प्रदेश स्तरीय आह्वान के क्रम में आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सिसवा के प्रांगण में समस्त एनएचएम (NHM) कर्मचारियों द्वारा हाथों में काला फीता बांधकर एक दिवसीय जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करते हुए कर्मचारियों ने अपने लोकतांत्रिक अधिकारों और न्यायसंगत मांगों को बुलंद किया तथा शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारी पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बनकर निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, बावजूद इसके उन्हें उचित मानदेय, सुरक्षा और स्थायी रोज़गार से वंचित रखा जा रहा है।
प्रमुख एवं न्यायसंगत मांगें
समान कार्य, समान वेतन, स्वास्थ्य सेवाओं में नियमित कर्मचारियों के समान ही एनएचएम कर्मियों से भी कार्य लिया जाता है, अतः उन्हें भी उसी के अनुरूप समान वेतन व सुविधाएं प्रदान की जाएं।
नियमितीकरण
वर्षों से अल्प मानदेय पर अपनी बहुमूल्य सेवाएं दे रहे सभी एनएचएम कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करते हुए उनका अविलंब नियमितीकरण किया जाए।
शोषण पर पूर्ण रोक
आउटसोर्सिंग व्यवस्था के नाम पर कर्मचारियों का हो रहा मानसिक, शारीरिक व आर्थिक शोषण तुरंत बंद किया जाए तथा सेवा सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार द्वारा उनकी इन जायज मांगों पर शीघ्र ही सकारात्मक एवं ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो इस आंदोलन को ब्लॉक स्तर से लेकर जिला और प्रांतीय स्तर पर और अधिक उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस विरोध प्रदर्शन के माध्यम से कर्मचारियों ने एक स्वर में अपनी एकजुटता का परिचय दिया और शासन से मांग की कि स्वास्थ्य कर्मियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र व्यावहारिक कदम उठाए जाएं।


