सिसवा बाजार-महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के कैमा गांव में मंगलवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि उनकी 18 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिवार में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कैमा निवासी राधेश्याम (40) पुत्र केदारे मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे दीपावली पर घर की छत पर लगाई गई सजावटी झालरों को उतार रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गए।
पति को बिजली की चपेट में आया देख उनकी पत्नी पुष्पा देवी (35) और बेटी गोल्डी (18) उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं, लेकिन दुर्भाग्यवश दोनों भी करंट की चपेट में आ गईं। इस दर्दनाक हादसे में राधेश्याम और उनकी पत्नी पुष्पा देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गोल्डी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।



