सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगर में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। सेफ सिटी योजना के तहत नगर के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित करने की योजना है। इस संबंध में राज्य मिशन निदेशालय, स्मार्ट सिटी मिशन ने 14 अक्टूबर को पत्र जारी कर आवश्यक कार्ययोजना का प्रस्ताव मांगा है।
नगरपालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल ने इससे पहले 3 अक्टूबर को राज्य मिशन निदेशक को पत्र भेजकर सिसवा को सेफ सिटी योजना में शामिल करने का अनुरोध किया था। उन्होंने नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, मुख्य मार्गों, बाजारों, धार्मिक स्थलों तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुरक्षा और निगरानी की आधुनिक व्यवस्था विकसित कराने की आवश्यकता पर जोर दिया था। इसके बाद मिशन निदेशालय ने जिलाधिकारी महराजगंज को पत्र भेजकर इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निर्देश के अनुसार, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को नगर की जरूरतों का आकलन कर कार्ययोजना तैयार करनी है। यह प्रस्ताव जिलाधिकारी के माध्यम से तीन दिन के भीतर मिशन निदेशालय को भेजा जाना है। कार्ययोजना में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम का निर्माण और तीन वर्षों तक उपकरणों के रखरखाव एवं संचालन की व्यवस्था शामिल होगी। इसके लिए राज्य स्तरीय तकनीकी समिति द्वारा निर्धारित मानकों और दरों का पालन किया जाएगा।
नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि सिसवा में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना प्राथमिकता है। सेफ सिटी योजना के तहत कैमरे और कंट्रोल रूम स्थापित होने से नगर के प्रमुख स्थानों पर निगरानी व्यवस्था बेहतर हो सकेगी। इससे असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जांच के लिए जरूरी जानकारी जुटाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन से सिसवा में सार्वजनिक स्थलों की निगरानी व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।



