कसया-कुशीनगर। हाटा विकास खण्ड के जूनियर हाईस्कूल भैसही में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य क्षेत्र के अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करना था।
रैली में छात्र-छात्राओं ने शिक्षा के महत्व से जुड़े प्रेरणादायक नारे लगाते हुए गांव में भ्रमण किया और लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़कर उसके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उमाशंकर पांडेय सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा के प्रसार और शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

