


महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा आज दोपहर 1ः40 बजे वन स्टाप सेंटर महराजगंज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सेंटर की व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया।

केन्द्र प्रशासक द्वारा बताया गया कि वन स्टाप सेंटर में वर्तमान में कुल 06 संवासिनियां आवासित हैं। इनमें से 05 संवासिनियां आवश्यक मेडिकल एवं विधिक कार्यवाही के लिए पुलिस सुरक्षा में बाहर गई हुई थीं, जबकि 01 संवासिनी सेंटर में उपस्थित पाई गई।
जिलाधिकारी ने सेंटर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा की दृष्टि से वन स्टाप सेंटर के ऊपरी तल पर जाली लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्मिकों को अपने निर्धारित दायित्वों का समय से निर्वहन करते हुए ड्यूटी पर मुस्तैद रहने तथा सेंटर परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वन स्टाप सेंटर में आने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित एवं संवेदनशील वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के समय जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय, केन्द्र प्रशासक सुश्री ऋचा मिश्रा, मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता श्रीमती प्रियंका सिंह आदि उपस्थित रहे।








