सिसवा बाजार-महराजगंज। थाना कोठीभार की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने थाना क्षेत्र के जी.डी. पब्लिक स्कूल, असमन छपरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बालक-बालिकाओं को नए कानूनों की जानकारी देने के साथ महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं एवं महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 181, 1090, 112, 1930, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
टीम ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूक किया। छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताते हुए किसी भी तरह की परेशानी होने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में म0उ0नि0 नेहा कुमारी, म0का0 मानसी वर्मा और का0 विकास कुमार मौजूद रहे। टीम ने विद्यार्थियों से महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर जागरूकता फैलाने में सहयोग करने की अपील की।



