November 6, 2026
सिसवा में सुधरेगी पेयजल व्यवस्था, 2.14 करोड़ रुपये स्वीकृत, 1.07 करोड़ रुपये जारी, बिछेगी नई पाइपलाइन, घर-घर पहुंचेगा पानी

सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए शासन स्तर से बड़ी मंजूरी मिली है। नगर में पाइपलाइन विस्तार और नए हाउस कनेक्शन का कार्य कराने के लिए 2 करोड़ 14 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। खास बात यह है कि शासन ने परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए पहली किस्त के तौर पर 1 करोड़ 7 लाख रुपये जारी भी कर दिए हैं।

वित्तीय वर्ष 2026-27 की राज्य सेक्टर योजना के अंतर्गत यह धनराशि पेयजल व्यवस्था के विस्तार पर खर्च की जाएगी। नगर विकास अनुभाग-5 के संयुक्त सचिव देवेश मिश्र की ओर से 4 नवंबर 2026 को जारी शासनादेश में इसकी प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद नगर में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। पाइपलाइन का विस्तार होने से उन घरों तक भी पानी का कनेक्शन पहुंचाने में मदद मिलेगी, जहां अभी तक पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है।
हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने से पहले तकनीकी स्वीकृति और टेंडर की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। शासन ने कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा कराने के निर्देश भी दिए हैं।

नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने कहा कि सिसवा नगर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना प्राथमिकता है। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शासन से मिली यह धनराशि महत्वपूर्ण साबित होगी। छह वार्डों में पाइपलाइन विस्तार और हाउस कनेक्शन का कार्य जल्द शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिल सके।
सिसवा नगरपालिका को पेयजल के लिए मिले 2.14 करोड़ रुपये, छह वार्डों में बिछेगी नई पाइपलाइन, घर-घर पहुंचेगा पानी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!