अमृतसर। अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12508) शुक्रवार दोपहर 12:58 बजे फतेहगढ़ साहिब जिले के साधुगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई थी। इसके कुछ ही समय बाद राजपुरा के नजदीक ट्रेन के जनरल कोचों में आग लग गई। आग की चपेट में चार जनरल कोच आ गए।
सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी यात्री के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।
फिलहाल ट्रेन के चार जनरल कोचों में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग किस वजह से लगी और इसकी शुरुआत कैसे हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।



