सिसवा बाजार -महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा-निचलौल मुख्य मार्ग सीएचसी मोड़ पर आज बुधवार को पिकअप और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा आज बुधवार की सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। सिसवा बाजार के सीएचसी मोड़ के पास पिकअप संख्या और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हिमांशु सिंह (20 वर्ष), पुत्र सुरेंद्र सिंह, निवासी सेखुई, थाना नेबुआ नौरंगिया, जनपद कुशीनगर को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में घायल प्रदीप (20 वर्ष), पुत्र राजेश चौहान और सागर (20 वर्ष), पुत्र रमेश, निवासी सबया उत्तर टोला, थाना कोठीभार, महराजगंज का गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।



