August 4, 2026
तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, बाइक सवार रेफर

सिसवा बाजार-महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के साण्डा खुर्द के पास सोमवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में भैंस चरा रहे एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर किया गया है।

कोठीभार पुलिस के अनुसार सोमवार शाम करीब 6 बजे सूचना मिली कि साण्डा खुर्द के पास एक बाइक ने भैंस चरा रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि बाबूलाल गुप्ता (40 वर्ष) पुत्र श्यामसुंदर गुप्ता, निवासी दुर्गवलिया, अपनी मोटरसाइकिल से गेरमा से साण्डा खुर्द की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक की टक्कर अर्जुन यादव (60 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय हीरा यादव, निवासी गेरमा, से हो गई, जो सड़क किनारे भैंस चरा रहे थे।

हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अर्जुन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाबूलाल गुप्ता की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!