गोरखपुर। स्थानीय महानगर स्थित सेण्ट ऐण्ड्रयूज कॉलेज में आज शनिवार को सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत महिला प्रकोष्ठ के सहयोग से ‘‘एड्स-कारण व निवारण तथा रक्तदान‘‘ विषय पर एक व्याख्यान का आयोजन प्रार्थना सभा में किया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में जिला चिकित्सालय गोरखपुर के परामर्शदाता /रक्त केंद्र प्रभारी डॉ0 प्रशांत अस्थाना ने विषय पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भी हम भ्रांति में एड्स को छुपाते हैं। एचआईवी का इलाज (art) ट्रीटमेंट के साथ सामान्य जिन्दगी जिया जा सकता है। एचआईवी /एड्स बीमारी एक वैज्ञानिक विषय नहीं किंतु यह सामाजिक जिम्मेदारी है। सही देखभाल और इलाज से एचआईवी के साथ भी जीवन को सफलतापूर्वक जिया जा सकता है। इसे भी हम अन्य बीमारियों की तरह अगर देखें और समाज को जागरूक करें।
छात्रों को एड्स बीमारी के कारण को बताते हुए उन्होंने कहा कि असुरक्षित यौन संबंध से बचें। रक्तदान के महत्व को इंगित करते हुए कहा कि प्रत्येक युवा को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उनके द्वारा यह बताया गया कि एक रक्तदान से चार जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। समाज में फैले मिथ को बताते हुए उन्होंने कहा कि रक्तदान से आपके अंदर कोई कमजोरी नहीं आती है, नई कोशिकाएं बनती है तथा आप में एक नई ऊर्जा का संचार होता है। एक स्वस्थ व्यक्ति (18 से 60 साल के बीच) जिसका हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम से अधिक है वह साल में चार बार रक्तदान कर सकता है। केवल बड़ी बीमारियां व गंभीर बीमारियों के अलावा हर स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। उन्होंने अपने वक्तव्य में हेल्थ और हाइजीन के बारे में भी बात किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर आर0 एन0 सैमुअल ने रक्तदान की शपथ वहां उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों को दिलाई। उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि जब किसी अपने को रक्त की जरूरत होती है तभी रक्तदान का महत्व समझ में आता है। आप सभी को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान महादान है।
कार्यक्रम का संचालन प्रातः कालीन प्रार्थना सभा की प्रभारी प्रोफेसर कंचन सरिता दास ने किया। सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी प्रोफेसर जे0के0 पांडेय ने डॉ अस्थाना का परिचय प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर राशीद तनवीर, प्रोफेसर नीरज श्रीवास्तव, प्रोफेसर सुषमा जॉन, एनसीसी 15 गर्ल्स बटालियन की कैप्टन प्रोफेसर निधि लाल, प्रोफेसर दीपक सिंह, प्रोफेसर राहुल श्रीवास्तव, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ0 जे0पी0 यादव, डॉ0 सुनीता पॉटर आदि शिक्षकों सहित कालेज के एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स व रोवर रेंजर्स उपस्थित रहे।




