सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा से घुघली मुख्य मार्ग पर कोठीभार थाना क्षेत्र के बरवा द्वारिका गांव के पास बीती शुक्रवार की देर रात ट्रेलर और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात करीब 10:05 बजे बरवा द्वारिका के पास ट्रेलर और बाइक के बीच दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची।
हादसे में बाइक सवार कृष्णा (25 वर्ष) पुत्र सत्यनारायण, निवासी रजवल मदरहा, थाना कोठीभार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शिवलाल (19 वर्ष) पुत्र गोविंद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा भेजा गया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

