सिसवा बाजार-महराजगंज। महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के शुभ अवसर पर परमहंस पाल महाविद्यालय गुरली, सबया सिसवा बाजार के परिसर में ध्वजारोहण सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में महाविद्यालय के एनसीसी ‘सी’ प्रमाण पत्र उत्तीर्ण समस्त कैडेट्स को एनसीसी ‘सी’ प्रमाण पत्र का वितरण महाविद्यालय के प्रबंधक एन.बी. पाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रबंधक एन.बी. पाल ने कहा कि परमहंस पाल महाविद्यालय इस क्षेत्र में एनसीसी के माध्यम से विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने वाला अग्रणी महाविद्यालय है। उन्होंने बताया कि 102 UP BN NCC, गोरखपुर द्वारा महाविद्यालय को कैंप ट्रेनिंग एवं कैडेट्स के विकास के लिए नोडल केंद्र के रूप में चयनित किया गया है।
उन्होंने एनसीसी ‘सी’ प्रमाण पत्र उत्तीर्ण सभी कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रमाण पत्र विद्यार्थियों के लिए सेना, पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों में रोजगार के अवसरों के द्वार खोलने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने कैडेट्स से अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं कर्तव्यनिष्ठा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार पटेल, समस्त प्रवक्ता गण, महाविद्यालय स्टाफ एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।


