बहराइच। नदी के किनारे हाथ-मुंह धोने गये 12 वर्षीय बालक को झाड़ियों में छिपे एक मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर उसे जबड़ों में दबोच लिया और नदी में खींच ले गया और बालक को जिंदा खा गया, घटना से घर में चीख पुकार मच गई। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना का वीडियो सामने आया है। जिसे देखकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार बौंडी थाना के मुरौवा गांव निवासी 12 वर्षीय सुनील सिंह बृहस्पतिवार को अपने चाचा के साथ धान की रोपाई करने खेत गया था, शाम के समय काम खत्म होने के बाद वह घाघरा (सरयू) नदी के किनारे हाथ-मुंह धोने गया। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर उसे जबड़ों में दबोच लिया और नदी में खींच ले गया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने सुनील को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ के हमले के कारण उसे नहीं बचाया जा सका। देर रात करीब 11ः30 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने नदी से उसका शव बरामद किया। शव के एक पैर और पेट का हिस्सा मगरमच्छ खा गया।
शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, जबकि नदी किनारे बसे ग्रामीणों में मगरमच्छ के हमले को लेकर दहशत व्याप्त है।

