महाराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के बलुईधुस के पास बीते 23 अप्रैल गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे जनपद को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक घटना में जान गंवाने वाले नौशाद, उनकी पत्नी और सात माह की मासूम बेटी के परिजनों का हाल जानने सोमवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल उनके पैतृक आवास कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम भारत खण्ड पकड़ी पहुंचे।
परिजनों का छलका दर्द, नम हुई सबकी आंखें
पूर्व मंत्री ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान घर का माहौल अत्यंत गमगीन रहा। मृतक नौशाद की मां और अन्य परिजन पूर्व मंत्री के सामने अपनी पीड़ा सुनाते हुए बार-बार एक ही बात कह रहे थे मेरा बेटा अब कब वापस आएगा?, परिजनों के विलाप और इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों और सपा कार्यकर्ताओं की आंखें भी नम हो गईं।
पीड़ित परिवार मौक पर ही पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने 10 हजार रुपये की नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े हैं और भविष्य में भी हर संभव सरकारी व व्यक्तिगत मदद दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत दुखद घटना है। एक हंसता-खेलता परिवार काल के गाल में समा गया। हमारी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं और हम प्रशासन से भी उचित मुआवजे की मांग करेंगे।
पुर्व मंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ समाजवादी हर संभव खड़ी रहेगीं।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष विद्या सागर यादव, हीरालाल जख्मी, अमरनाथ यादव, जाफर सहित भारी संख्या में ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहें।
बताते चले बीते 23 अप्रैल (गुरुवार) को कोठीभार थाना क्षेत्र के भारत खण्ड पकड़ी निवासी नौशाद (28 वर्ष) अपनी पत्नी सलेहा खातून (25 वर्ष) और सात माह की बेटी शहजादी के साथ मोटरसाइकिल से दवा कराने परतावल जा रहे थे। बलुईधुस के पास एक तेज रफ्तार गिट्टी लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी।



