सिसवा बाजार-महराजगंज। 317 सिसवा विधानसभा क्षेत्र के निचलौल में कल रविवार को समाजवादी पार्टी का एक बड़ा समागम होने जा रहा है। निचलौल नगर पंचायत के दामोदरी पोखरे पर शाम 5 बजे से ‘महा PDA जनपंचायत कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया है।
समाजवादी पार्टी के जिला सचिव राकेश सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से पूर्व मंत्री और सिसवा विधानसभा से सपा के भावी प्रत्याशी सुशील टिबड़ेवाल के नेतृत्व में समाजवादी कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा लगेगा।
इस महा जनपंचायत को बेहद खास बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में भोजपुरी के सुपर स्टार गायक व अभिनेता समर सिंह के साथ-साथ कई अन्य नामचीन स्टार कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के साथ ही 317 सिसवा विधानसभा में सपा के ‘डोर-टू-डोर’ (घर-घर) जनसंपर्क और प्रचार अभियान का शंखनाद किया जाएगा।
इसके अलावा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा हाल ही में हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई डिजिटल प्रचार वैन को भी सिसवा के सम्मानित सपा कार्यकर्ताओं को सुपुर्द किया जाएगा, जो क्षेत्र में पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करेगी।
सपा नेता राकेश सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने क्षेत्र के सभी जमीनी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम जनमानस से अपील की है कि वे कल रविवार शाम 5 बजे दामोदरी पोखरे पर तय समय पर भारी से भारी संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाएं।


