सिसवा बाजार-महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा के वार्ड संख्या-25, मीराबाई नगर स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर में डूबने से मृत तीन किशोरों का आज सोमवार को भारी पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के बीच खेखड़ा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ तीनों मित्रों की अर्थियां उठने और चिताएं जलने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पूर्व मंत्री एवं सिसवा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने मृतकों के परिजनों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने मृतक परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा भी की। इस के साथ ही खेखड़ा घाट पहुंचकर उन्होंने अंतिम संस्कार में भाग लिया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में श्री टिबड़ेवाल ने निर्माणाधीन अमृत सरोवर में हुई इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यदि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई होती और कार्य में लापरवाही नहीं बरती गई होती, तो संभवतः इस प्रकार की घटना नहीं होती। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, प्रमोद शर्मा, प्रवीण सिंह, राकेश कुमार रिंकू, शैलेश अग्रवाल, अमरनाथ यादव, हीरा लाल ज़ख्मी सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



