सिसवा बाजार-महराजगंज। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को अत्यंत दुःखद और गंभीर मामला बताते हुए इसकी सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए टिबड़ेवाल ने कहा कि राहुल सिंह एक प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक थे, जिन्होंने अपने नवाचारों से न केवल महराजगंज, बल्कि पूरे प्रदेश और देश का नाम रोशन किया था। ऐसे होनहार युवा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत कई गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की सच्चाई तभी सामने आ सकती है, जब इसकी जांच सीबीआई से कराई जाए।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि राहुल सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देकर उन्हें आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
सुशील टिबड़ेवाल ने आरोप लगाया कि अब तक सरकार इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि परिवार की आशंकाओं और मांगों को गंभीरता से लेते हुए सरकार को निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस पूरे प्रकरण से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि समाजवादी पार्टी इस मामले को पूरी गंभीरता से उठाएगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
टिबड़ेवाल ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर राहुल सिंह प्रकरण में निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी रही है और आगे भी न्याय की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी।

