लखनऊ। नई दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट (AI Impact Summit) में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा अर्द्धनग्न प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन से बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने नाराजगी जताई है। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं इस कृत्य की निंदा की है।
बसपा मुखिया मायावती ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में देश और विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे। यह इवेन्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था, इस दौरान जिन भी लोगों ने अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है।
मायावती ने कहा कि अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।



