सिसवा बाजार-महराजगंज। सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के लोगों को सेहतमंद रखने और फिटनेस के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में नगर पालिका प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। नगर पालिका के सभी 25 वार्डों में ओपन जिम स्थापित किए जाने की योजना पर काम किया जा रहा है। कई वार्डों में ओपन जिम पहले ही बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि शेष वार्डों में भी जल्द ही ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष शकुंतला जायसवाल और उनके प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों में ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इसके तहत कई वार्डों में ओपन जिम स्थापित किए जा चुके हैं और बाकी वार्डों में भी जल्द निर्माण कार्य पूरा कराकर लोगों को यह सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि ओपन जिम बनने से नगरवासियों को अपने ही मोहल्ले में व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी। खासकर युवाओं, बुजुर्गों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों को इसका लाभ मिलेगा। लोग सुबह-शाम खुले वातावरण में व्यायाम कर अपनी सेहत को बेहतर बना सकेंगे।
नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को फिटनेस के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह पहल शहर में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।


