October 10, 2026
तीन दिवसीय शिविर का समापन, स्काउट प्रशिक्षण से सीखा अनुशासन और सेवा का पाठ

सिसवा बाजार-महराजगंज। विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा, सहयोग और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से नव निर्माण इंटर कॉलेज, पिपरा बाजार में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स उत्तर प्रदेश जिला संस्था महराजगंज का तीन दिवसीय प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हुआ।

तीन दिवसीय शिविर का समापन, स्काउट प्रशिक्षण से सीखा अनुशासन और सेवा का पाठ

शिविर के दौरान छात्र-छात्राओं को स्काउटिंग के सिद्धांतों से परिचित कराने के साथ विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जीवनोपयोगी कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने ध्वज शिष्टाचार, टोली व्यवस्था, गांठ बांधने, प्राथमिक उपचार और आपसी सहयोग के गुर सीखे। इसके साथ ही टेंट निर्माण और कैंपिंग का अभ्यास कर शिविर की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाई। विद्यार्थियों ने स्वयं भोजन तैयार कर अतिथियों को परोसा। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें सामूहिक जिम्मेदारी निभाने, श्रम का सम्मान करने और विपरीत परिस्थितियों में आत्मनिर्भर बने रहने का संदेश दिया गया।

समापन अवसर पर अतिथि अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि स्काउटिंग केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और चरित्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है। इससे बच्चों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी का बोध, टीम भावना और समाजसेवा की प्रवृत्ति विकसित होती है।
शिविर संचालक एएलटी उमेश गुप्ता और प्रशिक्षक देवानंद भारती ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण में सीखे गए कौशल को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना ही स्काउटिंग की मूल भावना है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं प्रशासक अरुण तिवारी ने शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और देशसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर आशुतोष सिंह, पुरुषोत्तम चौधरी, भास्कर सिंह, रमेश कुमार पांडेय, संजय कुमार पटेल, बृजेश कुमार पटेल, ओमप्रकाश मौर्य, अमन उपाध्याय, सुधांशु पांडेय, राजकुमार प्रजापति, पन्नेलाल, रीना गुप्ता, अनुराधा निषाद, सलोनी रावत, ताहिरा खातून, कंचन तिवारी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!