सिसवा बाजार-महराजगंज। 102 यू.पी. बटालियन NCC, गोरखपुर मुख्यालय के तत्वावधान में परमहंस पाल पी.जी. कॉलेज, सिसवा बाजार, महराजगंज में आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के द्वितीय दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ( NCC Cadets ) को सैन्य प्रशिक्षण, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में फायरिंग, ड्रिल, खेलकूद और शारीरिक योगाभ्यास जैसी गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर का संचालन कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जयशंकर चौधरी तथा प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल मिथुन मिश्रा के नेतृत्व में किया जा रहा है। शिविर के द्वितीय दिवस पर अधिकारियों ने विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया तथा कैडेट्स को प्रशिक्षण के निर्धारित उद्देश्यों के प्रति गंभीरता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के प्रमुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों में फायरिंग अभ्यास शामिल रहा। पी.आई.स्टाफ ने ड्रिल अभ्यास के अंतर्गत कैडेट्स ने कदमताल, सावधान, विश्राम, सलामी तथा विभिन्न सामूहिक गतिविधियों का अभ्यास किया। ड्रिल के माध्यम से कैडेट्स में समयबद्धता, आदेशों के प्रति तत्परता, शारीरिक संतुलन, एकरूपता और समूह में समन्वय स्थापित करने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया।
वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में ए.एन.ओ लेफ्टिनेंट चक्छु पाण्डेय, लेफ्टिनेंट के. बी. सहाय, लेफ्टिनेंट शेषनाथ, लेफ्टिनेंट डॉ संदीप कुमार श्रीवास्तव, लेफ्टिनेंट अभिषेक साहनी तथा सेकंड ऑफिसर सतीश पासवान ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान देकर कैडेट्स का मार्गदर्शन किया।



