Gorakhpur। इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के अध्ययन केंद्र 48028, सेंट एंड्रयूज कॉलेज में एक छात्र परिचय(इंडक्शन) सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में विभिन्न पाठ्यक्रमों के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर एस0डी0 राजकुमार ने छात्र-छात्राओं को दूरस्थ शिक्षा के महत्व को बताते हुए कहा कि आप अपनी विभिन्न व्यवसायों के साथ-साथ इग्नू के पाठ्यक्रमों को पूरा कर सकते हैं तथा अपने जीवन के हर क्षेत्र में प्रगति कर सकते हैं। इंडक्शन सत्र दूरस्थ शिक्षा की आपकी यात्रा को सुचारू रूप से चलाने के लिए आवश्यक मूलभूत जानकारी प्रदान करेंगा।
संबोधन में उन्होंने कहा कि इग्नू शिक्षा के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी पहल है, जो विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी योग्यताओं के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है।
इस अवसर पर इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रोफेसर हरिओम गुप्ता ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया तथा छात्र-छात्राओं को इग्नू द्वारा संचालित प्रमुख पाठ्यक्रमों, शैक्षिक गतिविधियों एवं अध्ययन केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से इनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने अध्ययन सामग्री से जुड़ी समस्याओं के समाधान की जानकारी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को प्रदान की। संचालन करते हुए सहायक समन्वयक प्रोफैसर जे0के0 पाण्डेय ने ऑनलाइन और ऑफलाइन परामर्श सत्र कैसे काम करते हैं और उनमें कैसे भाग लें। असाइनमेंट पूरा करने का महत्व, प्रश्न पत्र डाउनलोड करना और सही हस्तलिखित सत्रीय कार्य सबमिशन विधियाँ, टर्म-एंड परीक्षा (टीईई) प्रपत्रों और हॉल टिकट विवरण के लिए समय सीमा आदि के बारे में विस्तार से बताया। इग्नू की अकादमी काउंसलर डॉ0 श्वेता जॉनसन ने नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का परिचय कराया।

द्वितीय तकनीकी सत्र नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के सवाल-जवाब के रूप में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाएं व्यक्त की। इनका समाधान समन्वयक प्रोफेसर हरिओम गुप्ता, सहायक समन्वयक प्रोफेसर जे0के0 पांडेय ने सहज और संतोषजनक ढंग से दिया।
इस अवसर पर विधि विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अतुल कुमार सिंह, इग्नू में अध्ययन केंद्र के कार्यालय सहायक विक्रांत जोशुआ, रविशंकर सहित अन्य प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं इग्नू के नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





