महराजगंज। सोनौली बॉर्डर पर आज शनिवार की सुबह एक दुकान में आग लग जाने से पूरी दुकान जल कर खाक हो गई, इससे लाखों रुपये मूल्य का सामान जलकर खाक हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा स्थित सोनौली बॉर्डर के नो मेंस लैंड के करीब पुलिस चौकी के बगल में शनिवार सुबह करीब 9 बजे दुकानदार विनोद कुमार अपनी दुकान में चिप्स तलने के लिए तेल गर्म कर रहे थे। इसी दौरान तेल अत्यधिक गर्म होकर उबाल पर आ गया और उसमें आग लग गई और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस सक्रिय हो गई और भारत तथा नेपाल के अग्निशमन विभाग के दमकल वाहनों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया, काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




