कसया-कुशीनगर। अहिरौली राजा से बाड़ी पुल जाने वाले मार्ग पर सड़क के ज्वाइंट पर बने तीन बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थी। इससे परेशान क्षेत्रीय लोगों ने भाजपा नेता पवन दुबे के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर शीघ्र मरम्मत की मांग की थी।
धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता पवन दुबे ने चेतावनी दी थी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। इसके बाद विभाग हरकत में आया और सोमवार देर शाम आनन-फानन में अहिरौली राजा चौराहे शिव मंदिर के समीप व तुरकवलिया दरिवाय सिंह के समीप बने सड़क के तीनों ज्वाइंट की मरम्मत कर गड्ढों को दुरुस्त करा दिया।
मंगलवार को भाजपा नेता पवन दुबे के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने सड़क की मरम्मत होने पर खुशी व्यक्त की तथा पीडब्ल्यूडी विभाग के इस त्वरित कदम की सराहना की। स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क की मरम्मत से अब दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी और राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर राजेश जायसवाल डाक्टर रामायण यादव अनवर अली एकलाख अहमद संजय गुप्ता चंचल गुप्ता राहुल गुप्ता आदि मौजूद रहे।

