सिसवा बाजार-महराजगंज। थाना कोठीभार क्षेत्र में सिसवा बाजार और घुघली रेलवे स्टेशन के बीच आज मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार आज मंगलवार की सुबह करीब 7 बजे सिसवा बाजार के स्टेशन अधीक्षक ने पुलिस को सूचना दी कि सिसवा बाजार और घुघली के बीच किलोमीटर संख्या 338/2-3 पर रेलवे ट्रैक के बीच एक महिला का शव पड़ा है।
सूचना पर थाना कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है। ट्रेन की चपेट में आने से उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। महिला के शरीर पर सलवार-कुर्ती मौजूद थी।
पुलिस ने आसपास के लोगों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन तत्काल उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस द्वारा सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मृतका की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों और महिला की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

