August 15, 2026
स्टर्लिंग पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, बच्चों ने बिखेरे देशभक्ति के रंग

सिसवा बाजार-महराजगंज। स्थानीय नगर स्थित स्टर्लिंग पब्लिक स्कूल में आज 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व अत्यंत हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की संरक्षक शकुंतला पाल द्वारा ध्वजारोहण कर की गई। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और छात्रों ने आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।

स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत की। इसके बाद ‘आई लव माई इंडिया’, ‘मेरा देश मेरा मुल्क’, ‘देश रंगीला’, ‘माँ तेरी चुनरिया लहराई’ और ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ जैसे देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों पर सुंदर प्रस्तुतियां दीं।
इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक एन. बी. पाल ने बच्चों को संबोधित करते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले देशभक्तों के कड़े संघर्ष, त्याग और बलिदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों को जीवन में हमेशा ईमानदार बनने और देश सेवा के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य रवींद्र सिंह ने सभी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे, जिनमें संजय सिंह, प्रदीप सिंह, सुनील दत्त, आलोक, शिवशंकर, भुवनेश्वरी, जावेद अख्तर, राम किशन पूरी, भारती, उमेश यादव, प्रीति, राशि, अफजल खान और अमित आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!