August 17, 2026
चार कांवड़िया गंगा में डूबे, तलाश में जुटी NDRF व गोताखोर

फर्रुखाबाद। जल भरने से पहले स्नान के दौरान आज सोमवार की तड़के शहर के पांचाल घाट पर एक ही परिवार के तीन लोगों सहित चार लोग गंगा में डूब गए, चारो लोग एक ही गांव के निवासी थे। पुलिस स्थानीय गोताखोरों के साथ एनडीआरफ उनकी तलाश में जुटी है। पानी का बहाव तेज होने से दोपहर तक उनका पता नहीं चला।

बताया जाता है कि शाहजहांपुर जनपद के नयागांव खुदागंज निवासी 17 वर्षीय योगेश पुत्र प्रमोद सक्सेना अपने चाचा 25 वर्षीय विकास पुत्र सोनपाल सक्सेना व चचेरे चाचा 23 वर्षीय कमल पुत्र सत्यपाल व गांव के 17 वर्षीय अर्जुन पुत्र राजेश प्रजापति के सहित दस लोगों के साथ कांवड़ लेकर पांचाल घाट रविवार देर रात पांच बाइकों से पहुंचे थे और पांचाल घाट के उत्तरी बंधा के पास आज सोमवार की तड़के करीब 4ः30 बजे गंगा में स्नान करने योगेश सहित चारों लोग गहरे पानी में जाने लगे तभी बाहर खड़े उनके साथियों व पुलिस कर्मियों ने उन्हें मना किया पर वह नहीं माने और गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते चारों गोते खाने लगे। यह देख वहां स्नान कर रहे लोगों ने शोर मचाया लेकिन कुछ ही देर में चारों डूब गए और लापता हो गए।

जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने एनडीआरएफ के साथ स्थानीय गोताखोरों को भी उनकी तलाश में लगा दिया। जानकारी मिलने पर परिजन पांचाल घाट पहुंच गए।
सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि डूबे हुए चारों लोगों की तलाश की जा रही है। गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!